मध्य प्रदेश / कांग्रेस विधायक बनवारी लाल का निधन, रविवार को गृह गांव जापथाप में होगी अंत्येष्टि

  • भोपाल के एक निजी अस्पताल में शनिवार सुबह 6.30 बजे ली अंतिम सांस

  • मुरैना जिले की जौरा सीट से विधायक थे 65 वर्षीय बनवारी लाल शर्मा


भोपाल. मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की जौरा विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक बनवारी लाल शर्मा का शनिवार सुबह 6.30 निधन हो गया। बनवारी लाल शर्मा 65 वर्ष के थे और कैंसर से पीड़ित थे। उनका लंबे समय से भोपाल में इलाज चल रहा था। उनके परिवार में पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्र हैं। परिजन शर्मा की पार्थिव देह लेकर मुरैना के लिए रवाना हो गए हैं।  उनका अंतिम संस्कार रविवार को उनके पैतृक गांव जापथाप में किया जाएगा। मुख्यमंत्री कमलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने विधायक शर्मा के निधन पर दुख व्यक्त किया है। 


बताया जा रहा है कि भोपाल में शनिवार सुबह अचानक उनका ब्लड प्रेशर कम हुआ, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका निधन हो गया। निधन की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेताओं का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया। बनवारी लाल शर्मा ज्योतिरादित्य सिंधिया के काफी करीबी थे।


मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा- जौरा के विधायक, हमारे परिवार के सदस्य बनवारी लाल शर्मा के दुःखद निधन का समाचार मिला। वे पिछले कुछ समय से बीमार चल रहे थे, उनका निधन मेरे लिये एक व्यक्तिगत क्षति है। परिवार के प्रति मेरी शोक संवेदनाएं हैं, ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दे और परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे। मुख्यमंत्री ने श्री शर्मा के निधन की सूचना पर उनके पुत्र प्रदीप शर्मा से दूरभाष पर बात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।



  • पिछले साल नवंबर दिसंबर में हुए विधानसभा चुनाव में श्री शर्मा ने बसपा उम्मीदवार को शिकस्त दी थी।

  • वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में श्री शर्मा भाजपा उम्मीदवार सूबेदार सिंह से पराजित हो गए थे। 

  • उन्होंने अपनी चुनावी राजनीति की शुरूआत जापथाप ग्राम पंचायत चुनाव जीत कर की थी।